September 2, 2007

कर्नाटक में आलू को भारी नुकसान

कर्नाटक में आलू के खेतों में पानी भरने से फसल के सड़ने के बाद मध्‍य प्रदेश, उत्‍तर प्रदेश और गुजरात में भारी बारिश के कहर से आलू की फसल पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। यही वजह है कि देश की विभिन्‍न मंडियों में आलू एक सप्‍ताह में 150 रुपए क्विंटल तक बढ़ गया है।

कर्नाटक में इस साल सामान्‍य से अधिक बारिश हुई है और यह पानी यहां के खेतों में भर गया है जिससे आलू की फसल प्रभावित हुई है। पानी की मार झेल रहे आलू में इस बीच कीड़े लग गए जिससे अब कर्नाटक में आलू का उत्‍पादन कम होने की आशंका जताई जा रही है। किसानों का कहना है कि अगस्‍त के दूसरे सप्‍ताह में कर्नाटक में जोरदार बारिश हुई जिससे आलू के खेत पानी में डूब गए। पौधे की जड़ों में धूप की तपिश न पहुंचने से जड़ में बनने वाली गांठ यानी आलू में कीड़ा लग गया। साथ ही खेतों में पानी भरा होने से आलू में सड़न पैदा हो गई। इस सड़न से तकरीबन 20 फीसदी फसल नष्‍ट हो गई है। बाकी बची फसल में आधी फसल कीड़ों की चपेट में है।

हालांकि, किसानों ने कीटनाशकों को काम में भी लेना चाहा लेकिन ये कीट आलू की फसल को जितना नुकसान पहुंचा सकते थे, उतना नुकसान हो चुका और इसे रिकवर नहीं किया जा सकता। कई जगह किसान पहले कीटनाशक अधिक मात्रा में डाल चुके हैं और कृषि विशेषज्ञ अब और कीटनाशक न डालने की सलाह दे रहे हैं। किसानों का कहना है कि कर्नाटक में आलू इलाकों में अब फिर बारिश हुई तो लगभग पूरी फसल ही चौपट हो जाएगी। कर्नाटक में आलू की फसल को हुए नुकसान का वास्‍तविक आंकलन आलू की खुदाई हो जाने के बाद ही हो पाएगा। कर्नाटक में आलू की खुदाई जल्‍दी ही शुरू होगी। जबकि, आगरा और तारकेश्‍वर साइड आलू की बोआई शुरू हो गई है। गौरतलब है कि कर्नाटक में इस साल 12-13 लाख टन आलू पैदा होने का अनुमान लगाया गया था। चिप्‍स बनाने के काम आने वाला आलू हसन किस्‍म का होता है जो देश में पैदा होने वाले कुल आलू उत्‍पादन 2.72 करोड़ टन का केवल पांच फीसदी होता है।

देश में इस साल आलू का उत्‍पादन 2.61 करोड़ टन होने की उम्‍मीद है। इतना आलू पैदा होने पर तकरीबन दस लाख टन आलू की देश में कमी रहेगी। कर्नाटक से आलू की फसल में आए बुरे समाचारों के बाद मध्‍य प्रदेश, उत्‍तर प्रदेश और गुजरात में भारी बारिश होने से आलू की फसल के बिगड़ने का डर फैल गया है। यही वजह है कि आलू के दाम देश भर की मंडियों में एक सप्‍ताह में 150 रुपए प्रति क्विंटल तक बढ़ गए हैं। मुंबई वाशी मंडी में सुपर क्‍वॉलिटी आलू 1050/1100 रुपए और सेकंड क्‍वॉलिटी आलू 950/1050 रुपए प्रति क्विंटल बिक रहा है। दिल्‍ली की आजादपुर मंडी में कोल्‍ड स्‍टोरेज आलू 550/660 रुपए प्रति अस्‍सी किलो बिक रहा है, जबकि शिमला आलू 900/1000 रुपए प्रति अस्‍सी किलो है।

0 comments: