अमरीकी डॉलर की तुलना में भारतीय रुपए में आई मजबूती और धनिये के बेहतर भावों से अब इसमें मांग कमजोर पड़ गई है जिसकी वजह से धनिया पिछले डेढ़ महीने में 250 रुपए क्विंटल घट गया है। इस गिरावट के बावजूद कारोबारियों को धनिये में फिलहाल कहीं से कोई मांग निकलने की उम्मीद नहीं है और मंडियों में धनिये का स्टॉक जमा होता जा रहा है।
धनिया मुख्यतौर पर राजस्थान और मध्य प्रदेश की फसल है। राजस्थान की मंडी रामगंज मंडी में आठ लाख बोरी, कोटा में पांच लाख बोरी और बारां में तीन लाख बोरी धनिये का स्टॉक हो चुका है, जबकि मध्य प्रदेश की गुना मंडी में सवा दो से ढाई लाख बोरी और कुंभराज मंडी में दो से ढाई लाख बोरी और अन्य मंडियों में दस से बारह लाख बोरी धनिये का स्टॉक जमा हो चुका है। कारोबारियों का कहना है कि धनिये का भाव यदि दो हजार रुपए प्रति क्विंटल रहता है तो इसकी खपत सामान्य रहती है लेकिन इसके दाम 2500 रुपए क्विंटल जाने पर खपत में दस फीसदी और तीन हजार रुपए क्विंटल पहुंचने पर 25 फीसदी खपत घट जाती है। धनिये का दाम यदि चार हजार रुपए क्विंटल चला जाए तो आम आदमी इससे दूर हो जाता है और खपत काफी साफ।
देश में इस साल धनिये का उत्पादन मांग के बराबर यानी 60/65 लाख बोरी हुआ है। जबकि ओपनिंग स्टॉक 15 लाख बोरी से अधिक रहा। इस तरह इस साल धनिये की कुल उपलब्धता 75/80 लाख बोरी है। भारत में धनिये के भाव बेहतर रहते हैं तो बांग्लादेश से तस्करी के जरिये तकरीबन 50 हजार से एक लाख बोरी धनिया आता है। हमारे देश से धनिये का औसत निर्यात पांच लाख बोरी रहता है लेकिन इस साल यह निर्यात आठ लाख बोरी पहुंच जाने की उम्मीद की जा रही थी लेकिन अचानक रुपए के डॉलर की तुलना में मजबूत होने से निर्यात सौदे रुक गए हैं। भारत से वर्ष 2004 में आठ लाख्ा बोरी धनिये का निर्यात हुआ था।
राजस्थान की कोटा, रामगंज और बारां मंडियों में पांच पांच हजार बोरी धनिये की आवक हो रही है। राजस्थान की कोटा मंडी में बदामी धनिया मशीन क्लिन कट नकद लूज में कर व खर्च अलग 2500/2600 रुपए, ईगल 2700/2800 रुपए और स्कूटर 2800/3000 रुपए क्विंटल बोला जा रहा है। कारोबारियों का मानना है कि सबसे बढि़या धनिया ग्रीन में यूरोप, मलेशिया और अमरीका की मांग रहती है लेकिन इस बार यह मांग नहीं देखी जा रही है। साथ ही घरेलू मांग ठंडी होने और वित्तीय तंगी की वजह से आने वाले दिनों में धनिया मौजूदा भाव स्तरों के आसपास पड़ा रहेगा लेकिन इसमें सितंबर में ही कोई मूवमेंट देखने को मिलेगा तब तक मंडियों में आने वाला धनिया स्टॉकिस्टों के गोदामों की शोभा बढ़ाएगा।
May 17, 2007
धनिया में गिरावट के बावजूद मांग नहीं
Subscribe to:
Post Comments (Atom)



0 comments:
Post a Comment