May 14, 2007

मेंथा में बढ़ सकती है ठंडक

देश में इस साल मेंथा ऑयल का उत्‍पादन 50 फीसदी से अधिक बढ़ने के आसार हैं। यह बढ़त मेंथा का रकबा बढ़ने होगी। नए सीजन में मेंथा ऑयल का उत्‍पादन पिछले साल के 18/20 हजार टन से बढ़कर इस साल 30 हजार टन तक पहुंच सकता है।

मेंथा के रकबे के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है लेकिन कारोबारी अनुमान के मुताबिक उत्‍तर प्रदेश में मेंथा का रकबा 1.25 से 1.50 लाख हैक्‍टेयर के बीच रहने की संभावना है। जबकि पूरे देश में इसका रकबा 2.25 लाख हैक्‍टेयर रहने का अनुमान है। उत्‍तर प्रदेश के अलावा हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश मेंथा के अन्‍य मुख्‍य उत्‍पादक राज्‍य हैं। इस साल मेंथा की नई फसल मई के आखिर तक आने की उम्‍मीद की जा रही है जबकि आम तौर पर यह जून में आती है। देश में मेंथा ऑयल की खपत 9/10 हजार टन है। इस साल मेंथा ऑयल का कैरी फारवर्ड स्‍टॉक 3.5 हजार टन रहने का अनुमान है।

पिछले सीजन में मेंथा की फसल से बेहतर मुनाफा होने से किसानों ने इस साल मेंथा की फसल में ज्‍यादा रुचि दिखाई है। मौसम अनुकूल रहने का असर भी फसल पर पड़ा है। देश के उत्‍तरी हिस्‍से में जनवरी/फरवरी में बारिश मेंथा की फसल के लिए काफी फायदेमंद रही क्‍योंकि फसल को शुरूआती दौर में पानी की काफी जरुरत होती है उसके बाद तापमान पर्याप्‍त स्‍तर तक बढ़ने से फसल का विकास अच्‍छे ढंग से हुआ।

किसानों का कहना है कि मेंथा की इस साल औसत उपज भी बेहतर होगी। पिछले साल 50/60 किलो प्रति हैक्‍टेयर उपज हुई थी, जो इस साल बढ़कर 80/90 किलो प्रति हैक्‍टेयर रहने की संभावना है। बेहतर उत्‍पादन के कारण मेंथा के दामों में गिरावट की आशंका है, लेकिन किसान और कारोबारी यदि इसका स्‍टॉक करते हैं तो यह आशंका खारिज हो सकती है। गौरतलब है कि मेंथा ऑयल में वायदा कारोबार शुरू होने से इसके भाव अधिक मिलने लगे हैं जिससे मेंथा की फसल का रकबा बढ़ा है। पहले मेंथा ऑयल के दाम 300/400 रुपए प्रति किलो रहते थे, जो अब 500/600 रुपए प्रति किलो के बीच रहते हैं।

फिक्‍की के मुताबिक वर्ष 1997/2004 के बीच मेंथा ऑयल के उत्‍पादन में हर साल एक हजार टन का इजाफा देखा गया। वर्ष 2004 में मेंथा ऑयल का उत्‍पादन 14 हजार टन रहा, जो वर्ष 2005/06 में बढ़कर 18 हजार टन और वर्ष 2006/07 में 20/25 हजार टन के बीच रहा। इस बीच, मेंथा ऑयल से बनने वाले उत्‍पादों का निर्यात इस वर्ष 12 हजार टन से बढ़कर 16/17 हजार टन रहने की संभावना है।

एनसीडीईएक्‍स गोदामों में 12 मई को मेंथा ऑयल का डिमैट स्‍टॉक 80527 किलो था, जबकि प्रोसेस में 41005 किलो था। एमसीएक्‍स गोदामों में 12 मई को 160901 किलो मेंथा ऑयल का स्टॉक था। मेंथा ऑयल आज चंदौसी में 598/599 रुपए, संभल 594/595 रुपए, बाराबंकी में 587/588 रुपए और रामपुर में 592 रुपए प्रति किलो बिक रहा है।

0 comments: